सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह में दो पुलिस कर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज पुलिस कार्यालय महराजगंज में आयोजित सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह में अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए दो पुलिस कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस तीरथ राम सरोज तथा उर्दू अनुवादक अब्दुल्लाह को पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने दोनों अधिकारियों के लंबे सेवा-काल के दौरान प्रदर्शित निष्ठा, कर्तव्यपरायणता, अनुशासन एवं समर्पण की सराहना की।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में उनकी सेवाएं सदैव प्रेरणादायी रहेंगी और उनके अनुभव से विभाग को महत्वपूर्ण योगदान प्राप्त हुआ है। पुलिस अधीक्षक ने
सेवानिवृत्त कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना भी की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके सुखद एवं सफल जीवन की शुभकामनाएं दीं। समारोह का वातावरण सम्मान और भावनाओं से ओत-प्रोत रहा। सेवानिवृत्त कर्मियों ने भी अपने सेवा काल के अनुभव साझा करते हुए विभाग और सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



