
जमीनी विवाद में दबंगों ने तोड़ी बाउंड्रीवाल, किसान को पीटा
मईल।थाना क्षेत्र के ग्राम सोनवरसा में जमीनी रंजिश को लेकर दबंगों ने किसान के साथ मारपीट की और बनी पक्की बाउंड्रीवाल तोड़ दी। पीड़ित किसान की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम सोनवरसा निवासी सर्वेश तिवारी पुत्र हरिश्चन्द्र उर्फ हरेश्वर तिवारी ने थाना मईल में तहरीर दी है। बताया कि उनकी जमीन गाटा संख्या 101 व 102 रकबा 16 कट्ठा में है। एक माह पहले उन्होंने 4 कट्ठा में पक्की बाउंड्रीवाल बनवाई थी, ताकि विवाद न हो।
आरोप है कि गांव के ही श्रीराम पुत्र भृगुनाथ सिंह, रामअशीष सिंह पुत्र भृगुनाथ सिंह, रामजनम सिंह पुत्र भृगुनाथ सिंह व राजकमल सिंह पुत्र श्रीराम सिंह आए दिन मारने-पीटने व धमकाने की धमकी देते थे। विवाद के भय से पीड़ित ने न्यायालय उपजिलाधिकारी बरहज में बटवारे का वाद दाखिल कर रखा है।
सर्वेश तिवारी के अनुसार 9 जून 2026 को सुबह करीब 4 बजे वह धान की रेहन देखने खेत पर गए थे। वहां देखा कि उक्त चारों लोग उनकी बाउंड्रीवाल तोड़ रहे थे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसे व लाठी-डंडे से मारना-पीटना शुरू कर दिया।
किसी तरह जान बचाकर भागे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपी काफी दबंग किस्म के लोग हैं, जिससे परिवार को जान का खतरा बना हुआ है।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर 10 जून 2026 को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना उपनिरीक्षक अरविंद कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।


