फर्जी बैनामा कराकर जमीन हड़पने का आरोप, 6 लोगों पर केस दर्ज

स्वाभिमान जागरण संवाददाता
मईल। थाना मईल क्षेत्र के धरमेर गांव में फर्जी बैनामा कराकर 0.721 हेक्टेयर जमीन हड़पने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी का केस दर्ज किया है।
जितेन्द्र चौरसिया पुत्र राजेन्द्र, निवासी धरमेर ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह आराजी नम्बर-130 रकबा 0.721 हेक्टेयर के मालिक हैं। उन्होंने यह जमीन 21 जनवरी 1998 को बैनामा से प्राप्त की थी और तब से काबिज दाखिल हैं।
आरोप है कि हृदयानन्द पुत्र रामनगीना, शंशाक प्रताप पुत्र धीरेन्द्र तथा उत्कर्ष पुत्र ददन निवासी धरमेर ने मिलकर काल्पनिक व्यक्ति लक्ष्मण, परीक्षण व मुखलाल पुत्र छगूर से 18 सितंबर 2001 को फर्जी बैनामा करा लिया। जबकि उक्त विक्रेता गांव में थे ही नहीं और न ही राजस्व अभिलेखों में उनका नाम दर्ज था।
पीड़ित 20 मार्च 2026 को जब खेत देखने गया तो हृदयानन्द के लड़के सत्यवीर, शशान्त पुत्र धीरेन्द्र, उत्कर्ष पुत्र दददन व धीरेन्द्र पुत्र चन्द्रमौली ने हस्तक्षेप कर जान-माल की धमकी दी। शिकायत पर थाने व एसपी कार्यालय से कार्रवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली।
इस सम्बन्ध में अपर सिविल जज प्रवर खंड, कक्ष सं-15 देवरिया के आदेश पर थाना मईल में 22 जून 2026 को FIR संख्या 0115 दर्ज की गई है। भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 351(3), 340(2), 336(3), 338, 318(4) व 319(2) के तहत सत्यवीर, उत्कर्ष, शशान्त, धीरेन्द्र, जपलाल श्रीवास्तव व काशी चौहान के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। जांच का जिम्मा थाने को सौंपा गया है।



