युवक से मारपीट, बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी से अभद्रता का आरोप
खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के अहिल्याबाई होल्कर नगर (कूड़ी मोहल्ला) में शराब के नशे में धुत दो युवकों पर एक व्यक्ति से मारपीट करने और बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी के साथ अभद्रता करने का आरोप लगा है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
वार्ड नंबर-8 निवासी अनुपम देवी पत्नी राजेश ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गुरुवार शाम करीब 8:30 बजे उनके पति राजेश घर के बाहर लगे नल के पास खड़े थे। आरोप है कि तभी मोहल्ले के रहने वाले लवकुश शुक्ला पुत्र जगदीश प्रसाद और रामपाल पुत्र बच्चा वहां पहुंचे और शराब के नशे में गाली-गलौज करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने उनके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर वह मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने मारपीट जारी रखी। आरोप है कि इस दौरान रामपाल ने उन्हें धक्का दे दिया, जबकि लवकुश शुक्ला ने उनके साथ अभद्रता करते हुए कई बार धक्का-मुक्की की।
पीड़िता ने तहरीर में आरोप लगाया है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उनके परिवार को जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिला है जांच करके आवश्यक कार्यवाही किया जाएगा


