एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत दारुल उलूम मोहम्मदिया में 150 पौधों का हुआ वृक्षारोपण


स्वाभिमान जागरण संवाददाता
देवरिया, लार
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत लार क्षेत्र के रामनगर स्थित मदरसा दारुल उलूम मोहम्मदिया में पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्रहित की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मदरसे के प्रिंसिपल, समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने “अपनी माँ के नाम एवं देशहित में एक-एक पेड़” लगाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान मदरसा परिसर एवं आसपास लगभग 150 पौधों का रोपण किया गया। मदरसे के प्रिंसिपल मोहम्मद सईद अख्तर ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के नाम और देशहित में कम-से-कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरा-भरा पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
इस अवसर पर मदरसे के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।



