दहेज के लिए विवाहिता की मौत: पति समेत 4 पर दहेज हत्या का केस दर्ज, खुखुंदू पुलिस जांच में जुटी

ब्रेकिंग न्यूज़….
स्वाभिमान जागरण देवरिया |
🟥 स्वाभिमान जागरण, देवरिया
देवरिया। खुखुंदू थाना क्षेत्र के ग्राम दुबौली में दहेज उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 25 वर्षीय विवाहिता आंचल दुबे का शव 17 अगस्त को ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या बताया है।
मृतका के पिता हरिविलास पांडेय ने खुखुंदू थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्री आंचल का विवाह दुबौली निवासी आशुतोष दुबे के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा 5 लाख रुपये नकद व एक मोटरसाइकिल की मांग को लेकर पुत्री का लगातार शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था।
पिता का कहना है कि उन्होंने बेटी के वैवाहिक जीवन को बचाने के लिए अपनी जमीन बेचकर भी ससुराल पक्ष की मांगें पूरी करने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल वालों की दहेज की भूख शांत नहीं हुई। अंततः प्रताड़ना से तंग आकर उनकी बेटी की जान चली गई।
तहरीर के आधार पर खुखुंदू थाना पुलिस ने मु.अ.सं. – 85/2026 धारा 80(2), 85 BNS व 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत
पति आशुतोष दुबे, सास, ससुर व अन्य सहित कुल 4 लोगों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम हेतु महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व साक्ष्य संकलन के आधार पर दहेज हत्या व आत्महत्या के लिए उकसाने के बिंदुओं पर विवेचना की जा रही है। दोषियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।



