त्योहारों को लेकर डीएम-एएसपी ने पीस कमेटी के साथ की बैठक, शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील

स्वाभिमान जागरण देवरिया।
देवरिया। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक देवरिया ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित प्रेक्षागृह में पीस कमेटी के सदस्यों के साथ गोष्ठी की।
गोष्ठी में जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था, चाक-चौबंद सुरक्षा तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने पीस कमेटी सदस्यों से उनके क्षेत्रों की समस्याओं, संवेदनशील स्थानों और यातायात व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। धार्मिक स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने अपील की कि त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और भाईचारे की भावना बनाए रखें, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट शेयर न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को दें।
पीस कमेटी सदस्यों से अपेक्षा की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देशों के पालन के लिए जागरूक करें और पुलिस का सहयोग करें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। माहौल खराब करने व सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार भ्रमण और निगरानी की जाएगी।



