टिनशेड तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सामान बरामद।
चौक पुलिस ने घर से बरामद किए घरेलू उपकरण व अन्य सामान, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी आया सामने।

दैनिक स्वाभिमान जागरण, महराजगंज।
चौक थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव में घर का टिनशेड तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी से संबंधित घरेलू उपकरणों सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस के मुताबिक, खजुरिया गांव निवासी सहीबून निशा पत्नी इस्तफाक हुसैन ने आठ अक्टूबर को थाने में तहरीर देकर बताया कि सात और आठ अक्टूबर की रात अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर का टिनशेड तोड़कर प्रेस, मिक्सर, तीन मोबाइल फोन, चावल से भरी बाल्टी, गुल्लक, एटीएम कार्ड, पासबुक में रखे तीन हजार रुपये और अन्य सामान चोरी कर लिया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों, गवाहों के बयानों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने खजुरिया निवासी राज कुमार (26) पुत्र जयप्रकाश को आठ अक्टूबर को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर एक प्रेस, वाटर हीटर, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, मोटर, मिक्सर, करीब 15 किलोग्राम चावल, पांच फाइबर की थालियां, थर्मस, लैपटॉप चार्जर, बच्चों के खिलौने और 190 रुपये नकद बरामद किए गए।



