रास्ते के विवाद में युवक पर धारदार हथियार से हमला, हालत गंभीर
बाइक से लौट रहे युवक को रोककर किया हमला, पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

खखरेरू/फतेहपुर थाना क्षेत्र के कबरा गांव में रास्ते से निकलने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में शैलेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कबरा गांव निवासी शैलेंद्र कुमार दोपहर करीब 12:30 बजे बाइक से लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और वहां से निकलने को लेकर विवाद करने लगे। विरोध करने पर कहासुनी बढ़ गई और आरोपियों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित ने खखरेरू थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


