जलभराव से हलकान वाल्मीकि नगर के बाशिंदे, पक्की सड़क की मांग को लेकर तहसील दिवस में सौंपा ज्ञापन

मानिकपुर (चित्रकूट)। नगर पंचायत मानिकपुर के वार्ड नंबर 1 वाल्मीकि नगर पूर्वी के बाशिंदों को आजादी के दशकों बाद भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसना पड़ रहा है। वार्ड में पक्की सड़क न होने के कारण जलभराव और भारी कीचड़ से ग्रामीणों का आवागमन दूभर हो गया है। समस्या से आजिज आकर पूर्व जिलाध्यक्ष (भाजपा अटल सेना युवा मोर्चा) अंशु पाण्डेय के नेतृत्व में स्थानीय निवासियों ने मंगलवार को मानिकपुर तहसील दिवस में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर शीघ्र पक्की सड़क निर्माण की गुहार लगाई है।
जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में अंशु पाण्डेय ने बताया कि वाल्मीकि नगर पूर्वी में राधे चौबे के मकान से लेकर संगम लाल सैनी के मकान तक की सड़क कच्चे मार्ग में तब्दील है। थोड़ी सी बारिश होते ही पूरे रास्ते में जलभराव और दलदल जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। सड़क न होने से क्षेत्र में आपातकालीन वाहनों और चारपहिया गाड़ियो का पहुंचना भी नामुमकिन हो जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
वार्डवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं कराया गया। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से राधे चौबे, जुगेश सोनकर, संगम सैनी सहित दर्जनों मोहल्लावासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


