त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश।
पीस कमेटी की बैठक में साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और निगरानी व्यवस्था पर जोर।

दैनिक स्वाभिमान जागरण, महराजगंज।
आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट स्थित बुद्धा सभागार में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था, जनसुविधाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, पेयजल और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत तारों की व्यवस्था दुरुस्त रखने और संभावित खतरों को समय रहते दूर करने पर जोर दिया। धर्मगुरुओं एवं समुदायों के प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी अप्रिय सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
प्रमुख पूजा स्थलों, आयोजन स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग और क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) को भी तैयार रहने को कहा गया। साथ ही, त्योहारों के दौरान किसी नई परंपरा की अनुमति नहीं देने और निर्धारित नियमों व सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में सभी समुदायों के प्रतिनिधियों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। प्रशासन ने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें कर स्थानीय समस्याओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से शांति एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की बात कही गई।

