दैनिक स्वाभिमान जागरण फरेंदा, महराजगंज।
रविवार को मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र महराजगंज के तत्वावधान में रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान के अंतर्गत ‘नशामुक्त भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला युवा अधिकारी चंद्रभूषण चौबे एवं लेखा व कार्यक्रम सहायक सुधांशु त्रिपाठी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अशोक कुमार एवं विशिष्ट अतिथि एनसीसी अधिकारी संजय शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने नशामुक्त युवा और फिट इंडिया के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को मादक पदार्थों से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर आनंदनगर-फरेंदा क्षेत्र में लगभग एक किलोमीटर तक साइकिल यात्रा निकाली गई। यात्रा के माध्यम से युवाओं को नियमित व्यायाम, साइकिल चलाने और नशे से दूर रहकर स्वयं के साथ देश को स्वस्थ एवं सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया। साइकिल यात्रा में 90 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के बृहस्पति कुमार पटेल तथा युवा स्वयंसेवक अविनाश राय, श्रीकेश यादव, राजकुमार, अखिलेश यादव, शैलेश यादव एवं प्रमोद कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और नशामुक्त समाज के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

