महिला की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के खुरवसिया उत्तर की घटना

भाटपार रानी,देवरिया। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के खुरवसिया उत्तर गांव निवासिनी एक महिला को उस समय एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने ठोकर मार दी, जब वह अपने दरवाजे के सामने सड़क पार कर रही थी।इस दौरान बुरी तरह से घायल महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।वहीं घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी।मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को समझा- बुझाकर जाम हटवाया।वहीं पुलिस ने मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम तकरीबन 7 बजे श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के खुरवसिया उत्तर गांव निवासिनी सैरुन नेशा पत्नी अलाउद्दीन अपने दरवाजे के सामने भवानी छापर-प्रतापपुर मार्ग को पार कर रही थी।वह अपने मुहल्ले के ही किसी दूसरे व्यक्ति के यहां किसी कार्यवश जाना चाहती थी।इसी दौरान एक चारपहिया अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया।जिससे बुरी तरह से घायल महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।वहीं वाहन चालक अपना वाहन लेकर फरार हो गया।इधर घटना के बाद मृत महिला के परिवार में कोहराम मच गया।उसके परिजनों का रोकर अत्यंत बुरा हाल है।बताया जाता है कि महिला के परिजन बहुत ही गरीब हैं।उधर घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।ग्रामीण घटना में शामिल वाहन चालक को गिरफ्तार करने,प्रशासन द्वारा मृत महिला के परिजनों को आर्थिक मदद देने व घटना स्थल के पास आबादी के बीच सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे थे।सूचना पाकर मौके पर पहुंचे श्रीरामपुर थानाध्यक्ष कल्याण सिंह सागर ने ग्रामीणों को समझा- बुझाकर सड़क जाम खत्म कराया।थानाध्यक्ष ने इस बाबत आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया।



