ठूठीबारी क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द में भारी मात्रा में चाइनीज ई-सिगरेट बरामद , तस्कर फरार।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महराजगंज।
लक्ष्मीपुर क्षेत्र में सुबह मुखबिर की सटीक सूचना पर तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए ठूठीबारी पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की बड़ी खेप पकड़ी। कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी अंतर्गत भरवलिया पुल के समीप गन्ने के खेत से लावारिश हालत में 1597 पीस चाइनीज ई-सिगरेट (इलेक्ट्रानिक सिगरेट) बरामद की गई। बरामद ई-सिगरेट की अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रति पीस कीमत करीब 1600 रुपये बताई जा रही है, जिससे कुल मूल्य लाखों रुपये से अधिक आंका जा रहा है।
पुलिस के अनुसार तस्कर नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र का लाभ उठाकर अवैध रूप से ई-सिगरेट की तस्करी कर रहे थे और किसी बड़ी डिलीवरी से पहले खेप को खेत में छिपा दिया गया था। पुलिस टीम के पहुंचते ही तस्कर मौके से फरार हो गए।
बरामद माल को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय ठूठीबारी को सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की जांच तेज कर दी गई है और तस्करों की तलाश की जा रही है।
इस सफलता में चौकी इंचार्ज लक्ष्मीपुर खुर्द उपनिरीक्षक मनीष पटेल के साथ कांस्टेबल दीपक, प्रमोद, अनुज व सुनील की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।


