नेपाल चुनाव को लेकर सीमा पर हाई अलर्ट, एडीजी ने एसपी संग किया, बॉर्डर क्षेत्र का दौरा।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
भारत के पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में जेन जी आंदोलन के बाद वहां की सरकार अस्थिर होकर गिर गई और फिर सुशीला कार्की को प्रधान मंत्री बनाकर नई अंतरिम सरकार बनाने का फैसला हुआ और 6 महीने के भीतर चुनाव कराए जाने की बात हुई थी। अतः वही चुनाव आगामी 5 मार्च को होना निश्चित हैं। इसी चुनाव को लेकर इंडो-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में मंगलवार को गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक मुथा अशोक जैन ने महराजगंज पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के साथ इंडो-नेपाल बॉर्डर का स्थलीय निरीक्षण किया है। उन्होंने कोतवाली, कस्टम और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारियों से नेपाल चुनाव, अंतराष्ट्रीय बार्डर की सुरक्षा, अवैध तस्करी व अन्य बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने ठूठीबारी कोतवाली का कार्यालय से लगायत बैरक, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क की कार्य की समीक्षा कर थाने पर आने वाले पीड़ितो की हरसंभव मदद करने व अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई करने का आवश्यक व जरूरी दिशा निर्देश दिए।
एडीजी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि नेपाल चुनाव के दौरान घुसपैठियों, अराजक तत्वों और असामाजिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सीमा पर सतर्कता में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। चुनाव अवधि में भारत-नेपाल सीमा के नो मैन्स लैंड क्षेत्र में संयुक्त गश्त बढ़ाई जाए तथा आपसी तालमेल और समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। एडीजी ने एसएसबी, कस्टम और कोतवाली पुलिस के अधिकारियों से अलग- अलग फीडबैक लेकर सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं को अपने संज्ञान में लिया और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
एडीजी ने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकिंग अभियान तेज किया जाए, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर सत्यापन कराया जाए और अवैध आवाजाही पर सख्ती से रोक लगाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत- नेपाल के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में सहयोग किया जाए।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने एडीजी को भरोसा दिलाया कि सीमा क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क और तैयार हैं।
इस मौके पर सदर क्षेत्राधिकारी जय प्रकाश त्रिपाठी, एसएसबी के बीओपी इंचार्ज शिवपूजन, कस्टम इंस्पेक्टर अरुण कुमार, ठूठिबारी थानाध्यक्ष नवनीत नागर, एसआई बबन प्रसाद वर्मा, बृजेश पाण्डेय, दिनेश कुमार, कांस्टेबल अनूप यादव, मृत्युंजय तिवारी, रंजीत गिरी कई अन्य पुलिस कर्मी और एसएसबी के जवान मौजूद रहे।



