पंडित दीनदयाल एकता विकास प्रदर्शनी एवं भव्य मेले का हुआ शुभारम्भ

खखरेरू फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू में आयोजित पंडित दीनदयाल एकता विकास प्रदर्शनी एवं भव्य मेले का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञानचंद केसरवानी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह के दौरान क्षेत्रीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला।
मेला 27 मई से प्रारंभ होकर 26 जून तक आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञानचंद केसरवानी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने बताया कि मेले को लेकर नगरवासियों में काफी उत्साह है।
मेले में प्रवेश पूर्णतः निशुल्क रखा गया है, जबकि आकर्षण का केंद्र बने जलपरी शो के लिए प्रति व्यक्ति ₹50 शुल्क निर्धारित किया गया है। मेले में क्रॉकरी, आर्टिफिशियल ज्वेलरी सहित विभिन्न प्रकार की दुकानों के साथ खानपान के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां उत्तर, दक्षिण, पूर्व एवं पश्चिम भारत के प्रसिद्ध व्यंजन लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
उद्घाटन के बाद मेले में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी और लोगों ने विभिन्न झूलों, दुकानों एवं व्यंजनों का आनंद लिया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मेला प्रबंधन की निजी सुरक्षा टीम एवं स्थानीय पुलिस बल27 चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद नजर आया।
बताया गया कि इस प्रदर्शनी एवं मेले का आयोजन स्वर्गीय कंधई बाबा की स्मृति में किया जा रहा है।
इस अवसर पर मेला प्रबंधक विनय गुप्ता, छोटे गुप्ता, आदेश कानपुरिया, विदेशी गुप्ता सहित व्यवस्था संभाल रहे अनुज तिवारी, सागर पुरवार, स्थानीय संरक्षक राजू मिश्रा, मनोज आनंद दत्त मिश्रा, लल्लू मिश्रा तथा सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।



