प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक रहे नदारद, बच्चों ने घंटों किया इंतजार
खखरेरू फतेहपुर शासन द्वारा 26 जून से परिषदीय विद्यालयों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू कर दिया गया है। जिले के अधिकांश विद्यालयों में पहले दिन बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया, लेकिन धाता विकासखंड के अकिलपुर ऐराना स्थित प्राथमिक विद्यालय में अलग ही तस्वीर देखने को मिली। यहां बच्चे पढ़ाई के लिए विद्यालय तो पहुंचे, लेकिन उन्हें शिक्षक का इंतजार करना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में तीन शिक्षकों की तैनाती है। शनिवार सुबह बच्चे समय से विद्यालय पहुंच गए, लेकिन काफी देर तक कोई शिक्षक नहीं आया। विद्यालय परिसर में बच्चे इधर-उधर घूमते रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय का वीडियो और फोटो भी बनाया।
बच्चों ने बताया कि विद्यालय में शिक्षक अक्सर समय से नहीं पहुंचते हैं। उनका कहना था कि विद्यालय खुलने के काफी देर बाद भी दो शिक्षक नहीं पहुंचे, जिससे पहले ही दिन पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी।
ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर शासन बच्चों को विद्यालय से जोड़ने और नामांकन बढ़ाने के लिए अभियान चला रहा है, वहीं दूसरी ओर यदि शिक्षक ही समय से विद्यालय नहीं पहुंचेंगे तो शिक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
खंड शिक्षा अधिकारी धाता संजय कुमार ने बताया कि मामले जांच करवा करके कार्यवाही की जाएगी।


