जिलाधिकारी ने की जिला पोषण समिति समीक्षा बैठक

20 अगस्त, स्वाभिमान जागरण देवरिया।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गूगल मीट के माध्यम से जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद में संचालित पोषण संबंधी कार्यक्रमों की प्रगति, कुपोषित बच्चों एवं एनीमिया से प्रभावित महिलाओं की स्थिति, विभागीय समन्वय आदि की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी द्वारा बाल विकास परियोजना अधिकारी व जिला कार्यक्रम अधिकारी के साथ बाल विकास विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी। समीक्षा में आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा होम विजिट, आंगनबाड़ी केन्द्र खोलने, बच्चों की उपस्थिति, एफ0आर0एस0 से पुष्टाहार वितरण आदि बिन्दुओं पर निर्देश दिये गये। बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी बनकटा व भागलपुर को पिछली बैठक के सापेक्ष अपेक्षाकृत अच्छी प्रगति न होने के क्रम में सुधार करने हेतु निर्देशित किया गया। अन्य परियोजनाओं की स्थिति सामान्य रहने पर सन्तोष व्यक्त किया गया। बाल विकास परियोजना अधिकारीगण को नियमित क्षेत्र भ्रमण करने, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा लिये गये वजन का सत्यापन करने, गर्भवती/धात्री महिलाओं के गृह भ्रमण करने आदि के सम्बन्ध में जांच करने व सुधारात्मक प्रयास करने हेतु निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कुपोषण मुक्त जनपद का लक्ष्य तभी प्राप्त किया जा सकता है, जब सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि चिन्हित गंभीर कुपोषित एवं मध्यम कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा उनके स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण उपचार एवं फॉलो-अप में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को प्रदान की जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग को आंगनबाड़ी केंद्रों पर नियमित गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करते हुए लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ उपलब्ध कराने को कहा।
गूगल मीट की इस बैठक में संबंधित अधिकारी जुडे रहे।



