देवरिया

रामचरितमानस का महात्म्य बहुत व्यापक : आचार्य जयप्रकाश

भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीराम कथा एवं गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ

देवरियालार कस्बे के पिंडी रोड के समीप आयोजित पांच दिवसीय श्रीराम कथा एवं गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। आयोजन लार-पिंडी मार्ग स्थित श्री पैलेस, पिपरा चौराहा में 6 सितंबर से 10 सितंबर तक किया जा रहा है। पहले दिन शाम को श्रीराम कथा के दौरान कथावाचक आचार्य जयप्रकाश वर्मा ने रामचरितमानस के महात्म्य पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि रामचरितमानस का महात्म्य बहुत व्यापक है और यह मनुष्य को आदर्श एवं संस्कारयुक्त जीवन जीने की कला सिखाती है।

शांतिकुंज, हरिद्वार (उत्तराखंड) से आए कथावाचक आचार्य जयप्रकाश वर्मा ने कहा कि रामकथा केवल धार्मिक आख्यान नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाली प्रेरणा है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाकर व्यक्ति अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से रामचरितमानस के संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। श्रीराम कथा प्रतिदिन शाम सात बजे से आयोजित की जा रही है।

इससे पूर्व आयोजन के प्रथम दिन श्री पैलेस से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा श्री पैलेस से शुरू होकर बौली वार्ड, चनुकी मोड़ और बाजार होते हुए घारी वार्ड पहुंची तथा विभिन्न मार्गों से भ्रमण करने के बाद पुनः श्री पैलेस परिसर में आकर संपन्न हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ कलश की स्थापना की गई।

कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के धार्मिक जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के बीच पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल रहे। कस्बे के विभिन्न मार्गों से गुजरती कलश यात्रा को देखने के लिए भी लोगों की भीड़ उमड़ती रही।

आयोजन समिति के अनुसार 7 सितंबर को देव वाहन एवं यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। 8 सितंबर को विभिन्न संस्कारों के साथ यज्ञ कराया जाएगा, जबकि 9 सितंबर को यज्ञ, यज्ञदीप सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम होंगे। पांच दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन 10 सितंबर को यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद विदाई एवं विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि श्रीराम कथा एवं गायत्री महायज्ञ का मुख्य उद्देश्य लोगों को धार्मिक, आध्यात्मिक एवं संस्कारयुक्त जीवन के प्रति जागरूक करना है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और यज्ञ में सहभागिता करने की अपील की है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से जितेंद्र गुप्ता, मनोज कुमार बरनवाल, अयोध्या गोंड़, विष्णुकांत तिवारी, ओमप्रकाश मोदनवाल, दिनेश प्रसाद, धर्मेंद्र सिंह, विकास सिंह, राहुल सिंह सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन को लेकर कस्बे और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!