सर्पदंश से 30 वर्षीय महिला की मौत,सिद्धार्थनगर में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित।
लकड़ी निकालते समय जहरीले जंतु ने डंसा।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता धानी बंग्ला, महराजगंज।
थाना क्षेत्र बृजमनगंज के ग्राम सभा सौरहा के टोला पिपरहना निवासी 30 वर्षीय महिला की मंगलवार सुबह सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। जानकारी के अनुसार नंदनी पत्नी हरिश्चंद्र मंगलवार सुबह भोजन बनाने के लिए घर में रखी लकड़ी निकालने गई थी। लकड़ी निकालते समय उसमें छिपे जहरीले जंतु ने उसे डंस लिया। महिला के चीखने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सिद्धार्थनगर ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
नंदनी की मौत से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, आठ वर्षीय शिवम और छह वर्षीय सत्यम के सिर से मां की ममता का साया उठ जाने से गांव में भी शोक का माहौल है। सर्पदंश से महिला की मौत के मामले में शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी तैयारी चल रही है।



