धान के खेत में दवा छिड़कते समय सर्प ने काटा, हालत गंभीर
_सीएचसी खखरेरू में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर, परिजन कौशांबी के मंझनपुर लेकर पहुंचे_

खखरेरु फतेहपुर धान के खेत में दवा का छिड़काव कर रहे करीब 60 वर्षीय किसान को सर्प ने काट लिया। सर्पदंश के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए मंझनपुर, कौशांबी ले गए, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड नंबर आठ अहिल्याबाई होलकर नगर निवासी बहोरी सिंह (60) पुत्र स्वर्गीय शिवनंदन सिंह बटाई पर खेत लेकर खेती करते हैं। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वह धान की फसल में दवा का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान खेत में मौजूद सर्प ने उन्हें काट लिया। सर्पदंश का एहसास होते ही बहोरी सिंह ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें मंझनपुर, जनपद कौशांबी स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों के अनुसार वहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।


