मेहरौना की शाम रोई, चार सितारों को याद कर नम हुईं आँखें

स्वाभिमान जागरण, देवरिया। कल तक जो चार होनहार बल्ले से मैदान में चौके-छक्के जड़ रहे थे, आज उनकी तस्वीरों पर माला टंगी है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के उस मनहूस हादसे ने देवरिया से उसके चार लाल – अनिकेत सिंह, आनंद यादव, इरफान अंसारी और बगहा के नित्य प्रजापति को हमेशा के लिए छीन लिया। लखनऊ से जीत का परचम लहरा कर घर लौट रहे ये खिलाड़ी अब कभी घर नहीं पहुंचेंगे।
इन्हीं चार सितारों की याद में मेहरौना की धरती पर शनिवार को सैकड़ों दिल एक साथ रोए। मेहरौना पुल से जब कैंडल मार्च शुरू हुआ तो हर हाथ में जलती मोमबत्ती नहीं, बल्कि चार युवाओं के अधूरे सपनों की लौ थी। धीरे-धीरे यह मार्च मंदिर तक पहुंचा, पूरा माहौल सिसकियों और गम में डूबा रहा।
मंदिर पर पहुंचकर युवाओं ने अपने साथी खिलाड़ियों को पुष्प अर्पित कर नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
इस भावुक पल में मिथुन सिंह, नीरज मद्देशिया, अंकित गुप्ता, अभय बाबा, राकेश सिंह, अतुल सिंह, राज मद्देशिया, आकाश मद्देशिया, काजू मद्देशिया समेत पूरा मेहरौना अपने बच्चों की शहादत पर फूट-फूट कर रोया। भगवान चारों दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दे।



