मंद बुद्धि बेटा ही निकला वृद्ध बाप का कातिल


मंद बुद्धि बेटा ही निकला बाप का कातिल
हत्या के मामले में गिरफ्तार हुआ पुत्र
स्वाभिमान जागरण संवाददाता
लार। बिहार के गुठनी थाना के ग्यासपुर गांव के वृद्ध की दियारा में चाकू गोद कर हत्या करने के मामले में लार पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। घटना के तीन दिन बाद ही पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक ग्यासपुर गांव निवासी बंका राजभर (70) बर्ष के बेटे मंद बुद्धि धर्मेंद्र ने ही अपने बाप को सोते समय चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी थी। हत्या के कारणों में बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र उर्फ तूफानी अपनी शादी नहीं होने से परेशान था। लार एसएचओ राहुल कुमार सिंह और मेहरौना चौकी इंचार्ज दिग्विजय सिंह घटना के दिन से ही लगातार अनावरण का प्रयास कर रहे थे। पूछताछ में यह बात प्रकाश में आ गई। उसके बाद पुलिस ने मृतक के मंद बुद्धि बेटे धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक के परिवार में उसकी पत्नी बसंती देवी, उसके पांच लड़के रविंद्र राजभर, रमेश राजभर, हरिंद्र राजभर, शेषनाथ राजभर और धर्मेंद्र राजभर हैं। पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन में जुटी थी। इस दौरान संदेह होने पर उसने मृतक के छोटे बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले वह पुलिस को इधर-उधर भटकाता रहा, जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके सभी भाइयों की शादी हो चुकी है। उसकी शादी की बात कहीं चलती थी तो पिता शादी नहीं होने देते थे। इसको लेकर परिवार में कई बार विवाद भी हुआ था, जिससे वह अपने पिता से नाराज चल रहा था। मौका देख उसने हत्या कर दी और साक्ष्य छिपा दिए थे। पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना के दिन से ही पुलिस को धर्मेंद्र पर शक था, जो पूछताछ में सही निकला।



