वायु सेना के नए उप प्रमुख बने नर्मदेश्वर तिवारी
कारगिल युद्ध में निभा चुके हैं महत्वपूर्ण भूमिका

लार क्षेत्र में खुशी की लहर, लोगों ने कहा – मोदी जी ने खुली छूट दी है अब पाकिस्तान को निबटाएंगे नर्मदेश्वर
पांडे एन डी देहाती
बिहार के नर्मदेश्वर तिवारी को भारतीय वायुसेना का उपप्रमुख बनाया गया है. एकतरफ जहां पहलगाम आतंकी हमले को लेकर पूरे देश का खून खौल रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों सेना प्रमुखों के साथ अहम बैठक अपने आवास पर की और आतंकवाद से निपटने के लिए कार्रवाई करने की खुली छूट दी है तो दूसरी तरफ अब देवरिया जिले से सटे बिहार के नर्मदेश्वर तिवारी की भी इसमें बड़ी भूमिका रहेगी।
नर्मदेश्वर तिवारी बिहार के सिवान जिले के गुठनी प्रखंड के श्रीकलपुर गांव के रहने वाले हैं. एयर मार्शल नर्मदेशर तिवारी को वायुसेना का नया उप-प्रमुख बनाया गया है. एयर मार्शल नर्मदेशर तिवारी वर्तमान मे गांधीनगर मे साउथ वेस्टर्न एयर कमांड के कमांडर हैं. वो एक मई को एयर मार्शल सुजीत पुष्पाकर धारकर की जगह लेंगे. एयर मार्शल सुजीत पुष्पाकर धारकर 40 साल से ज्यादा समय तक सेवा देने के बाद 30 अप्रैल को रिटायर हो रहे है।
एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी को वायुसेना में एक कुशल और रणनीतिक सोच रखने वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता है. नर्मदेश्वर तिवारी को वायुसेना का नया उप प्रमुख बनाये जाने से सीवान जिले समेत पूरे बिहार के लोगों में खुशी है। वे सीवान के वरिष्ठ अधिवक्त इष्टदेव तिवारी के चचेरे भाई है।
नर्मदेश्वर तिवारी ने 1999 के कारगिल युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके लिए उनकी प्रशंसा की गई. उनकी बहादुरी और काबिलियत को देखते हुए उन्हें 2008 में वायु सेना मेडल (VM) और 2022 में अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) से सम्मानित किया गया. नर्मदेश्वर तिवारी को 1986 में भारतीय वायुसेना के फाइटर स्ट्रीम में कमीशन प्राप्त हुआ. वे एक योग्य फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर और एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट हैं. उनके पास विभिन्न फाइटर जेट्स पर 3,600 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है. उन्होंने मिराज 2000, HAL तेजस, मिग-21, मिग-23MF, और मिग-29 जैसे विमानों पर उड़ान भरी है.
नर्मदेश्वर तिवारी को भारतीय वायुसेना का प्रमुख बनाए जाने पर कुलपति डॉ मुरली मनोहर पाठक, शेषनाथ तिवारी, लार प्रमुख प्रतिनिधि अमित कुमार सिंह बबलू, लार भाजपा मंडल अध्यक्ष बृजेश धर द्विवेदी, विष्णुकांत तिवारी, अधिवक्ता प्रियेश नाथ तिवारी, शिक्षक नेता मनीष कुमार सिंह सहित लार क्षेत्र के कई लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है.



