उत्तर प्रदेशधर्मब्रेकिंग न्यूज़महाराजगंज

चैत्रीय नवरात्रि में सुरक्षा एवं सतर्कता, डीएम-एसपी ने लेहड़ा देवी मंदिर का किया निरीक्षण।

ड्रोन व सीसीटीवी से होगी निगरानी, सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी।डीएम-एसपी ने लेहड़ा देवी मंदिर पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं, दिए जरूरी निर्देश।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता आनन्दनगर महाराजगंज।

गुरुवार 19 मार्च से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्र को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर कर दी गई है। मंदिरों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक रणनीति तैयार की है। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के निर्देश पर जिलेभर के प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ पीएसी की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

 

इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा व पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बृजमनगंज क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध आद्रवन लेहड़ा देवी मंदिर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, सुरक्षा प्रबंध, रूट प्लान और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंदिर समिति के साथ बैठक कर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नवरात्र के दौरान मंदिरों में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रमुख स्थलों पर वर्दीधारी पुलिस के साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। भीड़ नियंत्रण के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग निर्धारित किए गए हैं तथा मंदिरों के आसपास व्यापक बैरिकेडिंग की गई है। संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जाएगी, जबकि महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल को भी तैनात किया गया है।

प्रशासन ने सुरक्षा के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया है। मंदिरों के आसपास साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है। घाटों व जलाशयों पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गोताखोरों व नावों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में अग्निशमन यंत्र और मेडिकल टीम को स्टैंडबाय पर रखा गया है तथा जिलेभर में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नवरात्र के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और श्रद्धालु पूरी सुरक्षा के साथ बेफिक्र होकर पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

DSJ0081

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!