विकास मेरा सपना, निधि का हर पैसा जनता को समर्पित, वीरेंद्र चौधरी।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महाराजगंज।
फरेंदा कांग्रेस विधायक वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसका शत-प्रतिशत उपयोग क्षेत्र के विकास में किया जा रहा है। वह बृजमनगंज ब्लॉक के हरैया मौलाही गांव में 438.30 मीटर लंबी सीसी सड़क निर्माण के भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि यह सड़क पीडब्ल्यूडी मार्ग से रिटायर्ड प्राचार्य नरेंद्र श्रीवास्तव के घर तक बनेगी। करीब 40.90 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का निर्माण पूर्वांचल विकास निधि (जिलांश) वर्ष 2025-26 के तहत कराया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि विपक्ष में रहने के बावजूद उन्होंने शासन के विभिन्न मदों से धन लाकर क्षेत्र में विकास कार्य कराए हैं। ठेकेदारी प्रथा में एकाधिकार खत्म कर गांव-गांव के बेरोजगार युवाओं को काम देने का प्रयास भी किया गया है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, बिजली के जर्जर तार, शुद्ध पेयजल और गरीब व बीमार लोगों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि फरेंदा विधानसभा का अधिकांश हिस्सा बाढ़ प्रभावित है, जिस पर लगातार काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान रिटायर्ड प्राचार्य नरेंद्र श्रीवास्तव व गांव के वरिष्ठ लोगों ने विधायक का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान विनोद गुप्ता, पूर्व प्रधान भगवान दास, राजदेव, मदन गोपाल यादव, सुदामा प्रसाद, राम बहाल भारती, शशिकांत जायसवाल, मारूफ समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।



