सीएम के आगमन को लेकर डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज जनपद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल की पत्नी के श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अवसर पर 4 मई को कोतवाली क्षेत्र के पिपरा बाबू में आयोजित कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, आगमन एवं प्रस्थान मार्गों के साथ-साथ पार्किंग स्थलों का गहन जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन, बैरिकेडिंग और चेकिंग लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने ड्यूटी में लगाए गए पुलिस बल की ब्रीफिंग पर भी जोर दिया और कहा कि सभी जवान अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी मुस्तैदी के साथ करें। कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए हर स्तर पर तैयारी सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष नजर रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि वीवीआईपी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।



