डीजल वितरण को लेकर पेट्रोल पंपों पर बवाल, मारपीट के दौरान पुलिस पर लापरवाही का आरोप।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गौरनीया बाबू स्थित सिंह सर्विस स्टेशन पेट्रोल पंप पर शनिवार को डीजल और पेट्रोल वितरण को
लेकर जमकर हंगामा हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिससे पंप परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान कुछ लोग विवाद शांत कराने में जुटे रहे, जबकि कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए। आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिस पूरी घटना के दौरान मूकदर्शक बनी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेट्रोल पंप पर रात से ही किसान और वाहन चालक डीजल लेने के लिए लाइन में खड़े थे। किसानों का आरोप है कि घंटों इंतजार के बावजूद उन्हें डीजल नहीं दिया गया, जबकि कुछ लोगों को पहचान और पैसों के आधार पर पहले
तेल उपलब्ध कराया जा रहा था। इससे लाइन में लगे लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। बताया जा रहा है कि सुबह होते ही डीजल का इंतजार कर रहे किसानों को छोड़ बाइक सवारों को पेट्रोल देना शुरू कर दिया गया। इसी बात को लेकर किसानों और पंप कर्मचारियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।स्थानीय लोगों का आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराने के बजाय लाइन में रखे डिब्बों और वाहनों को हटवाना शुरू कर दिया, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस के रवैये को लेकर भी क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।



