
ससुराल वालों पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप, विवाहिता ने दी तहरीर
बच्चों संग रात भर बाहर रही पीड़िता, चचेरे ससुर ने दिया सहारा
स्वाभिमान जागरण संवाददाता मईल
मईल। थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरा मिश्र से घरेलू हिंसा का एक और मामला सामने आया है। विवाहिता ने पति, सास-ससुर और देवर पर मारपीट कर घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बच्चों के साथ थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया है।
स्थानीय थाना क्षेत्र निवासिनी पीड़िता ने 10 जून 2026 को थाना मईल में तहरीर दी। तहरीर के अनुसार 9 जून 2026 की शाम को पति सोनू वर्मा, ससुर विरेन्द्र वर्मा, सास अन्जु देवी व देवर प्रकाश वर्मा ने उसे मारापीटा। इसके बाद घर से बाहर निकाल दिया।
पीड़िता का आरोप है कि ससुर विरेन्द्र वर्मा ने घर पर ताला लगा दिया। रात में वह बच्चों के साथ बाहर ही रही। चचेरे ससुर ने उसे आसरा दिया। सुबह बच्चों को लेकर वह सीधे थाने पहुंची।
पीड़िता ने तहरीर में बताया कि ससुराल वाले आए दिन मारते-पीटते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। पीड़िता ने पुलिस से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस ने 10 जून को ही मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक नितिन मिश्रा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।



