सड़क हादसे में घायल लाइनमैन की इलाज के दौरान मौत, शव पोस्टमार्टम को भेजा

सड़क हादसे में घायल लाइनमैन की इलाज के दौरान मौत, शव पोस्टमार्टम को भेजा
रविशंकर तिवारी/स्वाभिमान जागरण, मईल देवरिया
मईल (देवरिया)। मईल थाना क्षेत्र के मइलौटा गांव निवासी 46 वर्षीय राजेश प्रजापति की 15 जून को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान बुधवार की सुबह मृत्यु हो गई। मईल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक राजेश प्रजापति पुत्र स्व. राम आशीष प्रजापति प्राइवेट लाइनमैन का काम करते थे और घर के एकलौते कमाऊ सदस्य थे। तहरीर के अनुसार कुछ दिन पहले काम करके गांव लौटते समय गांव के पास ही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी थी।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने परिजनों ने पहले उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लखनऊ ले गए, लेकिन वहां भर्ती नहीं हो सका। इसी दौरान घर लौटते समय बुधवार की सुबह रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
घटना के बाद मृतक की मां अतवारी, पत्नी कुन्ती देवी, बेटी कविता, बेटे अंशु व अंजनी सहित पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने मईल पुलिस को सूचना देते हुए दुर्घटना करने वाली गाड़ी को पकड़ने की मांग की है।
पुलिस का बयान
मईल थाने के एस एस आई महेंद्र कुमार यादव ने बताया कि सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना करने वाले वाहन व चालक की पहचान कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।



