ट्रांसफार्मर से फैक्ट्री में जा रहा बिजली का केबल ब्लास्ट, फर्नीचर कंपनी में भीषण आग

योगेश कुमार /स्वाभिमान जागरण देवरिया
ट्रांसफार्मर से फैक्ट्री में जा रहा बिजली का केबल ब्लास्ट, फर्नीचर कंपनी में भीषण आग
चालीस लाख रुपये से अधिक की क्षति, तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं
गैस सिलेंडरों में भी हुए धमाके, समय रहते सभी कर्मचारी बाहर निकलने से टला बड़ा हादसा
लार, देवरिया। रुच्चा पार की एक फर्नीचर निर्माण कंपनी में बुधवार को शाम चार बजे भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रांसफार्मर से फैक्ट्री को जा रहे बिजली के केबल में तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की लपटों ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री में तैयार बेड, पलंग, कुर्सियां, मेज सहित बड़ी मात्रा में लकड़ी, प्लाई और अन्य फर्नीचर सामग्री जलकर राख हो गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में लगभग 40 लाख रुपये की क्षति हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान फैक्ट्री में रखे गैस सिलेंडरों में भी कई धमाके हुए, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना पर लार के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उप निरीक्षक राम मूरत राम सहित पुलिस बल एवं पीआरवी की चार गाड़ियां भी सुरक्षा व्यवस्था और राहत कार्य में जुटी रहीं। पुलिस ने आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
दमकल कर्मियों की कड़ी मेहनत से आग को आसपास की अन्य दुकानों और भवनों तक फैलने से रोक लिया गया। पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रथम दृष्टया घटना का कारण ट्रांसफार्मर से फैक्ट्री में जा रहे बिजली के केबल में हुआ ब्लास्ट माना जा रहा है।



