दिनदहाड़े किसान के दरवाजे से बकरी चोरी, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
खखरेरू, फतेहपुर ।थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव में दिनदहाड़े किसान के घर के बाहर बंधी बकरी चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तेंदुआ गांव निवासी शारदा प्रसाद पुत्र नरेंद्र ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह खेत से अपनी बकरी घर लेकर आया था। बकरी को घर के मुख्य दरवाजे पर बांधने के बाद वह दोबारा खेत चला गया। कुछ देर बाद लौटने पर बकरी मौके से गायब मिली।
पीड़ित ने आसपास के गांव और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन बकरी का कोई सुराग नहीं लग सका। उन्होंने बताया कि चोरी हुई बकरी की कीमत लगभग 15 हजार रुपये है। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।



