भूमि पूजन के साथ दो सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ, राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने किया शिलान्यास

स्वाभिमान जागरण संवाददाता
फतेहपुर/खागा।
खखरेरू थाना क्षेत्र के धाता ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बरैचा में शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कृष्णा पासवान का आगमन हुआ। इस अवसर पर ग्राम प्रधान नरेश चंद्र तिवारी ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया तथा जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
राज्य मंत्री ने बरैचा से चिरई गांव संपर्क मार्ग एवं करारी रजबहा मार्ग से दामोदरपुर होते हुए खटकाना संपर्क मार्ग के नव निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। बरैचा-चिरई संपर्क मार्ग लगभग 1.5 किलोमीटर लंबा होगा, जिसका निर्माण 82.23 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। वहीं करारी रजबहा-दामोदरपुर-खटकाना संपर्क मार्ग की लंबाई 1.950 किलोमीटर होगी, जिस पर 116.98 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
भूमि पूजन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसानों के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक नल से जल पहुंचाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है तथा सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नरेश चंद्र तिवारी (बरैचा), सुशील मिश्रा (दामोदरपुर), राकेश द्विवेदी (देंडासई), आशीष शुक्ला, रमेश कुमार तिवारी (हरदासपुर थोन) सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन: बरैचा गांव में सड़क निर्माण कार्य के भूमि पूजन के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते राज्य मंत्री कृष्णा पासवान एवं अन्य जनप्रतिनिधि।



