भागलपुर में सड़क हादसा: युवक की मौत, क्या सड़क पर पड़ा पेड़ बना मौत की वजह जांच का विषय
लोगों ने सड़क एवं पटरी को साफ़ कराने की मांग

स्वाभिमान जागरण, देवरिया। मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर चौराहे पर बृहस्पतिवार को हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान अजय यादव पुत्र अशोक निवासी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय यादव बाइक से भागलपुर से पेट्रोल पंप की तरफ जा रहे थे। भागलपुर चौराहे से लगभग 100 मीटर की दूरी पर सामने से आ रही अनुबंधित बस की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस के पीछे पुलिस की जिप्सी भी चल रही थी। सूचना पर पहुंची मईल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
सड़क की स्थिति पर उठे सवाल:
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि घटनास्थल के समीप पूर्व में आंधी से गिरा पीपल के पेड़ का हिस्सा अब तक सड़क किनारे पड़ा हुआ है, साथ ही बिजली के खंभे के कारण मार्ग संकरा हो गया है। जिससे वाहनों के आवागमन में कठिनाई होती है। ग्रामीणों ने उक्त पेड़ को हटवाने व मार्ग को सुचारू कराने की मांग की है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़:
मृतक अजय यादव परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। लगभग तीन वर्ष पूर्व उनकी शादी हुई थी, उनके दो मासूम बच्चे हैं – चार वर्ष का पुत्र व ढाई वर्ष की पुत्री। पिता अशोक अस्वस्थ चल रहे हैं। युवक की असामयिक मृत्यु से परिवार में कोहराम मचा है।



