लावारिस समझकर पुलिस ने बाइक थाने में रखवाई
रात में गश्त के दौरान सड़क किनारे खड़ी मिली बाइक, वाहन स्वामी का पता नहीं चलने पर पुलिस ने लिया कब्जे में

ग्रामीणों का आरोप -दरवाज़े से लॉक तोड़ कर उठाई गई बाइक
लार। थाना क्षेत्र के हरि कुंडावल गांव की दलित बस्ती में बीती रात सड़क किनारे खड़ी एक बाइक को पुलिस ने लावारिस समझकर कब्जे में लेकर थाने पर रखवा दिया। बाइक गांव निवासी बृजेश प्रसाद पुत्र विशुनदेव प्रसाद की बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार बाइक को रात में घर के दरवाजे के पास लॉक करके खड़ा किया गया था। आधी रात के बाद पुलिस द्वारा बाइक ले जाए जाने की जानकारी पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कुछ ग्रामीणों ने बाइक का लॉक तोड़कर वाहन ले जाने की बात भी कही। सुबह ग्राम प्रधान अविनाश यादव ने भी मामले की जानकारी मीडिया को दी।
वहीं पुलिस के अनुसार रात करीब 12 बजे गश्त के दौरान बाइक सड़क किनारे खड़ी मिली थी। पुलिसकर्मियों ने आसपास आवाज देकर कई बार पूछा कि बाइक किसकी है, लेकिन कोई व्यक्ति वाहन का स्वामी होने के रूप में सामने नहीं आया। इसके बाद बाइक को लावारिस समझकर सुरक्षा की दृष्टि से कब्जे में लिया गया और थाने पर रखवा दिया गया।
इस संबंध में उप निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि बाइक सड़क किनारे खड़ी थी। कई बार आवाज देकर वाहन स्वामी के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई सामने नहीं आया। इसलिए बाइक को थाने पर सुरक्षित रखवा दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क किनारे लावारिस अवस्था में खड़े वाहन को सुरक्षित रखना बताया जा रहा है। वाहन स्वामी की पहचान होने के बाद नियमानुसार बाइक सुपुर्द किए जाने की बात पुलिस ने कही है।



