आनंदनगर रैक प्वाइंट पर पहुंची इफको यूरिया, किसानों को मिलेगा समय से उर्वरक – जिलाधिकारी

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज
महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के विशेष प्रयासों से आनंदनगर फरेंदा रैक प्वाइंट पर इफको यूरिया की एक पूरी रैक जनपद को प्राप्त हुई है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि एक रैक में करीब 2650 मीट्रिक टन उर्वरक होता है, जिसे सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों में वितरित किया जाएगा।
बताया गया कि लंबे समय से किसानों और जनप्रतिनिधियों द्वारा उर्वरक की रैक मंगाने की मांग की जा रही थी। जिलाधिकारी ने शासन को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया, जिसके परिणामस्वरूप यह रैक उपलब्ध हो सकी। इससे किसानों को समय पर यूरिया मिलने के साथ ही ओवररेटिंग की समस्या पर भी अंकुश लगेगा और परिवहन खर्च में कमी आएगी। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही इफको डीएपी की एक और रैक भी पहुंचने वाली है। साथ ही अन्य उर्वरक कंपनियों की रैक भी अब आनंदनगर रैक प्वाइंट पर आने लगेंगी। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक खरीदें और अनावश्यक भंडारण से बचें, क्योंकि जनपद में उर्वरक की उपलब्धता पर्याप्त है।



