जिला विद्यालय निरीक्षक की छापेमारी में खुलीं अनियमितताएं।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने धर्मपुर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने नोटिस जारी करते हुए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। निरीक्षण के दौरान आर के एकेडमी इंग्लिश मीडियम स्कूल में प्रधानाचार्य अनुपस्थित मिले। साथ ही विद्यालय में मान्यता से अधिक कक्षाएं संचालित होने की शिकायत भी सही पाई गई। इसके बाद आदर्श शिक्षा सेवा संस्थान की जांच में सामने आया कि संस्थान को केवल जूनियर हाईस्कूल तक की मान्यता है, जबकि वहां हाईस्कूल और इंटरमीडिएट स्तर की कक्षाएं चलाई जा रही थीं। डीआईओएस ने तत्काल प्रभाव से अनधिकृत कक्षाएं बंद कराने के निर्देश दिए। वहीं होप कोचिंग क्लासेस में निर्धारित सूचना बोर्ड नहीं लगा मिला तथा कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राएं उपस्थित पाए गए। डीआईओएस ने कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



