सीएम डैशबोर्ड में फिसड्डी अफसरों पर डीएम का बड़ा एक्शन।
जिलाधिकारी के 10 अधिकारियों को नोटिस से मचा हड़कंप।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर खराब प्रदर्शन और सरकारी योजनाओं की धीमी प्रगति को लेकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। डीएम ने जिले के 10 वरिष्ठ अधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों में जवाबदेही को लेकर सतर्कता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान कई विभागों की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। शिकायतों के निस्तारण में देरी, योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट समय पर अपडेट न होना तथा शासन की प्राथमिकताओं के प्रति लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया । नोटिस पाने वाले अधिकारियों में अधिशासी अभियंता विद्युत देवेंद्र कुमार गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राजकुमार मिश्रा, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी तन्मय पाण्डेय, जिला बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी अशोक कुमार, उपायुक्त मनरेगा गौरवेंद्र सिंह और जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह समेत कुल 10 जिलास्तरीय अधिकारी शामिल हैं। बिस्वत सूत्रों के अनुसार शासन स्तर से मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की लगातार निगरानी की जा रही है। ऐसे में खराब प्रदर्शन को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि सरकारी योजनाओं और जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। माना जा रहा है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



