प्रधानमंत्री आवास का छज्जा गिरने से पिता की मौत, बेटा गंभीर
खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के कोट गांव मजरे दौलतपुर में गुरुवार रात प्रधानमंत्री आवास का छज्जा भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर पिता की मौत हो गई, जबकि उसका 13 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशोर का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजकुमार (33) पुत्र छोटवा गुरुवार रात करीब नौ बजे अपने बड़े बेटे चेतन (13) के साथ घर के छज्जे के नीचे बैठे थे। इसी दौरान अचानक छत के ऊपर बने शौचालय (इज्जत घर) समेत पूरा छज्जा भर भराकर नीचे गिर गई। हादसे में दोनों मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला।
ग्रामीणों की मदद से पिता-पुत्र को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में राजकुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल चेतन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
राजकुमार खागा स्थित एक नील फैक्ट्री में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह बुधवार को ही काम से घर लौटा था। मृतक अपने पीछे पत्नी आशा देवी, बेटियां राखी, रोमा, रश्मि तथा छोटा बेटा रिंकू छोड़ गया है। पति की मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2022-23 में आशा देवी को विकलांग कोटे के तहत प्रधानमंत्री आवास मिला था।
आरोप है कि छज्जे के ऊपर शौचालय बनाए जाने से छत पर अत्यधिक भार बढ़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य अंदर कमरे में मौजूद थे। यदि वे भी बरामदे में होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि छज्जा गिरने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।



