जन सेवा केंद्र संचालक पर लाखों की ठगी का आरोपतीन महिलाओं ने थाने में दी तहरीर, आरोपी केंद्र बंद कर फरार
खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के कुल्ली गांव में संचालित बैंक ऑफ बड़ौदा ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक पर खाताधारकों से लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। पीड़ित महिलाओं ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई एवं धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।
गांव निवासी रेखा देवी, सोनी देवी और गायत्री देवी ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि प्राथमिक विद्यालय के पास संचालित बैंक ऑफ बड़ौदा जन सेवा केंद्र के संचालक कृष्ण पाल निषाद पुत्र बाबूलाल निवासी ग्राम खेरवा थाना किशनपुर के पास उन्होंने अपने खातों में जमा कराने के लिए धनराशि दी थी। आरोप है कि रेखा देवी ने 1 लाख 26 हजार रुपये, सोनी देवी ने 1 लाख 5 हजार रुपये तथा गायत्री देवी ने 35 हजार रुपये जमा करने के लिए दिए थे।
महिलाओं का कहना है कि शुरुआत में संचालक खातों में रुपये पहुंचने की बात कहता रहा, लेकिन बाद में धनराशि दूसरे खाते में चले जाने की बात कहने लगा। जब महिलाओं ने जमा धनराशि का पूरा ब्यौरा और रसीद मांगी तो आरोपी ग्राहक सेवा केंद्र बंद कर फरार हो गया।
पीड़ित महिलाओं ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर धनराशि वापस दिलाने की मांग की है। बताया जा रहा है कि इसी ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के खिलाफ दो दिन पूर्व भी दो अन्य महिलाओं ने धन ठगी का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी।
इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है जन सेवा केंद्र संचालक से बात कर जल्द ही पैसा दिलाया जाएगा।


