उत्तर प्रदेशफतेहपुर

दो वर्षों से अधूरी पड़ी ‘हर घर जल योजना’, पानी के लिए भटक रहे नगरवासी

 

  1. खखरेरू फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित ‘हर घर जल योजना’ पिछले दो वर्षों से अधूरी पड़ी हुई है। योजना का कार्य रुक जाने से नगरवासियों को अब तक शुद्ध पेयजल की सुविधा नहीं मिल सकी है। भीषण गर्मी के बीच लोगों को पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
    नगरवासियों का आरोप है कि योजना का कार्य कर रही संस्था बीच में ही काम अधूरा छोड़कर चली गई, जिसके कारण पानी की टंकी का निर्माण कार्य रुक गया और योजना शुरू नहीं हो सकी। लोगों के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग 60 प्रतिशत पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है तथा कुछ स्थानों पर बोरिंग का कार्य भी कराया गया था, लेकिन पानी टंकी का निर्माण पूरा न होने से अब तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई है।
    स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रधानमंत्री की ‘हर घर जल योजना’ और मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाएं नगर पंचायत में केवल कागजों तक सीमित होकर रह गई हैं। पहले से बिछाई गई पाइपलाइन अब जर्जर होने लगी है, वहीं चंद्रशेखर नगर क्षेत्र में कराई गई बोरिंग भी खराब होने के कगार में है।
    नगरवासियों ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ पेयजल संकट गहरा गया है। कई परिवारों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है। लोगों ने तहसील प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत किए जाने की बात कही, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।
    नगरवासियों ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बजट की कमी का हवाला दिया जा रहा है, जबकि योजना की टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी थी। उनका कहना है कि यदि पानी टंकी का निर्माण शीघ्र पूरा करा दिया जाए तो नगर पंचायत में तत्काल जलापूर्ति शुरू हो सकती है।
    क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराकर नगर पंचायत में पेयजल आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!