बकरीद व आगामी पर्वों को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की पीस कमेटी की बैठक।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न समुदायों के साथ पीस कमेटी बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लोग शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस का पालन करें गैर परम्परागत आयोजन से बचें। उन्होंने कहा धार्मिक पर्व हमारी संस्कृति की पहचान हैं, इन्हें शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाए। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट से बचने की अपील करते हुए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर तारों और खंभों की मरम्मत कर सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई, मेडिकल टीम तैनाती और रोस्टर अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। पुलिस अधीक्षक ने भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की और नियम उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। बैठक में दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने शांतिपूर्ण पर्व मनाने का आश्वासन दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, सीओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


