रेलवे ट्रैक पर मिला घायल युवक, हालत गंभीर, जिला चिकित्सालय रेफर।
पहले हां फिर ना में अटक कर रह गई घायल की पहचान।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महराजगंज।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के सुखरामपुर रेलवे ट्रैक के पास घायल अवस्था में एक युवक को देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी । स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए सीएचसी बृजमनगंज ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
सोमवार सुबह सुखरामपुर रेलवे ट्रैक के पास स्थानीय लोगों ने एक युवक को घायल अवस्था में पड़ा देखा। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची बृजमनगंज पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से घायल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज ले जाया गया।
घायल युवक की पहचान नहीं हो पा रहा था कुछ लोगों ने घायल व्यक्ति की पहचान कन्हैया अग्रहरि निवासी हरैया मौलाई, बृजमनगंज के रूप में की।
सीएचसी के डॉक्टरों ने बताया कि युवक की हालत काफी गंभीर है। सिर और शरीर में चोट के निशान हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए महाराजगंज जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने घायल के परिजनों को सूचना दे दी है। उसकी पत्नी ने भी पहुंच कर घायल व्यक्ति को पहले अपना पति समझा बाद में उसने कहा यह हमारे पति नहीं है
फिलहाल समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो पाई है तथा दुर्घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। युवक ट्रेन से गिरा या किसी और वजह से घायल हुआ, इसकी जांच बृजमनगंज पुलिस कर रही है।



