अमेरिकी डॉलर ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
' _प्रतिबिंब' पोर्टल की सूचना पर साइबर थाना व खखरेरू पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, लैपटॉप, मोबाइल, एटीएम कार्ड व फर्जी दस्तावेज बरामद_
खखरेरू फतेहपुर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना और खखरेरू थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अमेरिकी डॉलर ट्रेडिंग के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल फोन, चार एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक तथा अलग-अलग जन्मतिथि वाले पैन कार्ड की प्रतियां बरामद हुई हैं।
पुलिस के अनुसार साइबर थाना के उपनिरीक्षक दिग्विजय सिंह अपनी टीम एवं खखरेरू थाना पुलिस के साथ बैंक क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ‘प्रतिबिंब’ पोर्टल के माध्यम से एक संदिग्ध साइबर अपराधी की लाइव लोकेशन प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर थाना गेट से करीब 40 मीटर पहले आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपचन्द्र पुत्र फूलचन्द्र (30 वर्ष), निवासी कस्बा एवं थाना खखरेरू, जनपद फतेहपुर बताया। जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व से दर्ज तीन साइबर शिकायतों में वांछित था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लोगों को अमेरिकी डॉलर (यूएस डॉलर) के क्रय-विक्रय का झांसा देकर निवेश कराने के नाम पर ठगी करता था। इसके लिए वह फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल करता था और ठगी की गई धनराशि विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित करा लेता था।
मोबाइल फोन की जांच में विभिन्न बैंकों के कई खातों का संचालन सामने आया। जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी की 24 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं। संबंधित राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66C के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


