लगातार हो रही मुसलाधार बारिस से एक ही गाँवों में दो मकान ढहे

खखरेरू फतेहपुर धाता विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत राईपुर में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। तेज बारिश के चलते दो कच्चे मकान भरभराकर गिर गए। मलबे में दबकर घरों में रखा अनाज, गृहस्थी का सामान और पशुओं का चारा बर्बाद हो गया। बारिश से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
पीड़ित उमाशंकर पुत्र रामफल मिश्रा ने बताया कि रात में अचानक दीवारें गिर गईं। घर में रखा लगभग 5 कुंटल गेहूं, 1 कुंटल लाही और 1 बक्सा समेत अन्य घरेलू सामग्री मलबे में दबकर पूरी तरह नष्ट हो गई। उन्होंने कहा कि इस बारिश ने साल भर की मेहनत पर पानी फेर दिया है।
वहीं दूसरे पीड़ित रामसूरत पुत्र रामनाथ रैदास के घर का भी नुकसान हुआ है। उनके घर में रखा 6 कुंटल गेहूं, पशुओं के लिए भूसा, 1 चारपाई और अन्य सामान दबकर बर्बाद हो गया। दोनों परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल रोहित मिश्रा ने नुकसान का जायजा लिया। लेखपाल ने बताया कि घटना की पूरी जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। शासन के निर्देश पर पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दिलवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बारिश के दौरान कच्चे और जर्जर मकानों में न रहें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।



