सलेमपुर-देवरिया मार्ग पर कहर बनकर दौड़ी बोलेरो: दो की दर्दनाक मौत, परिवारों में कोहराम

स्वाभिमान जागरण देवरिया
देवरिया। सलेमपुर-देवरिया मार्ग पर शुक्रवार की दोपहर तेज रफ्तार बोलेरो ने दो जिंदगियां लील लीं। खुखुंदू थाना क्षेत्र के करौंदी कांटा के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में सड़क पार कर रहे अधेड़ और सड़क किनारे चल रहे युवक की मौत हो गई।
अनियंत्रित रफ्तार ने ली दो जानें
जानकारी के अनुसार असना गांव निवासी रामप्यारे कुशवाहा (50) पैदल सड़क पार कर रहे थे, तभी खुखुंदू से देवरिया की ओर जा रही बेकाबू बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे चल रहे बृजेश कुमार (32) को भी अपनी चपेट में ले लिया।
अस्पताल में मृत घोषित
घटना के बाद राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार बोलेरो और उसके चालक की तलाश में जुटी है।



