नीचे लटकते हाईटेंशन तार की चपेट में आकर दो बंदरों की मौत
खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के आलमपुर गेरिया गांव में खेत के ऊपर नीचे लटक रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से रविवार को दो बंदरों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि लाइन की ऊंचाई बढ़ाने के लिए करीब छह माह पहले विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के एक खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन काफी नीचे लटक रही है। उनका दावा है कि तार जमीन से करीब सात फीट की ऊंचाई पर है। रविवार को दो बंदर आपस में उलझने के दौरान लटकते विद्युत तार की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बजरंग दल हिंद के पदाधिकारी आशीष शुक्ला भी मौके पर पहुंचे। घटना को लेकर ग्रामीणों और किसानों में आक्रोश रहा। ग्रामीणों का कहना है कि नीचे लटक रहे हाईटेंशन तार से भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
आरोप है कि करीब छह माह पूर्व ग्रामीणों ने इस संबंध में विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से शिकायत कर तार की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की थी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि समय रहते तार को ऊपर नहीं कराया गया तो कोई व्यक्ति भी हादसे का शिकार हो सकता है।
घटना के बाद बजरंग दल हिंद के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने दोनों बंदरों का अंतिम संस्कार कराया। साथ ही विद्युत विभाग से जल्द से जल्द हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।


