मईल पुलिस का सराहनीय कार्य, 3 माह से गुमशुदा महिला को परिजनों से मिलाया, बस्ती से आए परिवार ने जताया आभार

स्वाभिमान जागरण देवरिया | थाना मईल | दिनांक 28.08.2026
मईल / देवरिया। थाना मईल पुलिस ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए रात्रि गश्त के दौरान मिली एक अज्ञात महिला को सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाया है। महिला पिछले 3 माह से अपने घर से गुमशुदा थी।
आज दिनांक 28.08.2026 को रात्रि गश्त के दौरान तेलिया कला चौराहे पर पुलिस टीम को सड़क किनारे एक अज्ञात महिला असहाय अवस्था में बैठी मिली। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित थाना मईल पर लाकर महिला हेल्प डेस्क पर बैठाया और उससे प्यार से उसके परिजनों के बारे में जानकारी ली।
महिला अपनी सही जानकारी नहीं बता पा रही थी, जिस पर थाना मईल पुलिस ने सी-प्लान ऐप की मदद ली। सी-प्लान के माध्यम से ग्राम प्रधान थरौली, थाना लालगंज, जनपद बस्ती से संपर्क किया गया और महिला का फोटो व्हाट्सएप के जरिए भेजा गया।
फोटो देखते ही ग्राम प्रधान व परिजनों ने महिला की पहचान सुनीता पत्नी रामशिव, निवासी ग्राम बोकनार, पोस्ट गौरा उपाध्याय, थाना लालगंज, जनपद बस्ती के रूप में की। परिजनों ने बताया कि सुनीता के संबंध में थाना लालगंज पर दिनांक 14.05.2026 को गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
सूचना मिलते ही सुनीता के पति रामशिव पुत्र राम सुमेर, पुत्री अंकिता कुमारी, देवर शिवशंकर तथा ग्राम प्रधान सुनील कुमार पांडे थाना मईल पर पहुंचे।
थाना मईल पुलिस द्वारा नियमानुसार विधिक कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत गुमशुदा महिला सुनीता को सकुशल उसके पति व परिजनों की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया।
अपनी पत्नी को 3 महीने बाद सकुशल पाकर पति रामशिव की आंखें भर आईं और उन्होंने मईल पुलिस व थानाध्यक्ष की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
पुलिस के इस मानवीय कार्य की क्षेत्र में चारों तरफ सराहना हो रही है।



