आरोपी के घर चस्पा हुआ कुर्की का नोटिस।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, पुरन्दरपुर, महराजगंज।
पुरन्दरपुर पुलिस और आईजीआरएस सेल की संयुक्त टीम ने न्यायालय के आदेश पर दुष्कर्म एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक गौरव कन्नौजिया ने बताया कि 22 अप्रैल 2026 को ग्राम मुड़िला निवासी एक महिला की तहरीर पर विशाल यादव पुत्र परमानंद यादव, निवासी सिंहपुर थरौली, थाना पुरन्दरपुर के विरुद्ध दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा अपराध संख्या 104/2026, धारा 64(1) एवं 351(3) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी, लेकिन उसके फरार रहने के कारण मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, महराजगंज की अदालत ने धारा 84 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा का आदेश जारी किया। शुक्रवार को आदेश के अनुपालन में विवेचक एवं प्रभारी आईजीआरएस सेल मनोज कुमार राय पुलिस टीम के साथ अभियुक्त के गृह स्थान सिंहपुर थरौली पहुंचकर टीम ने न्यायालय के आदेश की प्रति/नोटिस आरोपी के मकान के दरवाजे पर चस्पा किया। साथ ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों को न्यायालय के आदेश की जानकारी दी गई और ढोल-मुनादी एवं सार्वजनिक घोषणा के माध्यम से आरोपी को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने के लिए सूचित किया गया।
कार्रवाई में उप-निरीक्षक देवेश कुमार सिंह तथा आरक्षी आदित्य यादव, इमरान खान और अखिलेश वर्मा शामिल रहे।



