अजना गाँव में चोरी के मामले में दो को पुलिस ने भेजा जेल


ई-रिक्शा से चोरी करने पहुंचे थे चोर, दो गिरफ्तार
चोरी के 1450 रुपये बरामद, वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा भी पुलिस ने पकड़ा
लार। थाना क्षेत्र के अजना गांव में 15 सितंबर की रात हुई चोरी की घटना का लार पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 1450 रुपये और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा (UP 52 CT 4757) बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रावतपार पाण्डेय निवासी बिट्टू कुमार (20) और धूमनगर निवासी सूरज कुमार (22) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, अजना निवासी विकास सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि उनके बड़े पिता के परिवार के सदस्य इलाज के लिए वाराणसी गए थे। घर खाली था। 15 सितंबर की रात वह घर की देखभाल के लिए जा रहे थे, तभी उन्होंने घर के सामने ई-रिक्शा खड़ा देखा। अंदर अज्ञात लोग चोरी कर रहे थे। शोर मचाने पर आरोपी ई-रिक्शा लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 23/24 सितंबर की रात बरडीहा परशुराम स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। उनके पास से चोरी के 1450 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद हुआ।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। पुलिस के मुताबिक मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सत्यदेव यादव, कांस्टेबल अमरजीत यादव और कांस्टेबल नौशाद शामिल रहे।



